पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री Narendra Modi के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के जनवरी 2026 में प्रसारित 130वें एपिसोड के अवसर पर शानदार सांगठनिक सक्रियता और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करने के लिए रुपौली भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री संजय कुमार जायसवाल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में उन्हें मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष श्री संजय कुमार जायसवाल ने बूथ स्तर से लेकर संगठनात्मक रिपोर्टिंग तक अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए तकनीकी प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रम की रिपोर्टिंग सफलतापूर्वक दर्ज की। सरल पोर्टल पर की गई उनकी रिपोर्टिंग जिले में सर्वश्रेष्ठ मानी गई, जिसके आधार पर उन्हें प्रदेश स्तर पर चयनित कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी ने स्वयं मोमेंटो देकर उन्हें सम्मानित किया और उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से सक्षम, सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक ताकत होते हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं के प्रयास से ही पार्टी की योजनाएँ और प्रधानमंत्री के विचार जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुँचते हैं।
इस उपलब्धि पर प्रदेश और जिला स्तर के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। मा. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री श्री संजय सरावगी जी, मा. उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल जी, मा. प्रदेश महामंत्री श्री राकेश कुमार जी, मा. पूर्व मंत्री सह बनमनखी विधायक श्री कृष्ण कुमार ऋषि जी, मा. पूर्णिया सदर विधायक श्री विजय खेमका जी तथा भाजपा पूर्णिया जिलाध्यक्ष श्री मनोज कुमार सिंह जी समेत अनेक पदाधिकारियों ने श्री संजय कुमार जायसवाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान मिलने के बाद रुपौली क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और जश्न का माहौल देखा गया। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसे पूरे मंडल और जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह सम्मान जमीनी स्तर पर सक्रिय संगठनात्मक कार्यशैली की पहचान है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री संजय कुमार जायसवाल ने विनम्रता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि रुपौली के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और टीम भावना से ही प्रधानमंत्री के विचारों और संदेशों को घर-घर तक पहुँचाना संभव हो पाया है।
उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी संगठन की मजबूती, तकनीकी दक्षता और जनसंपर्क को और बेहतर बनाकर पार्टी के कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुँचाने का प्रयास जारी रहेगा।
